ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में गुरूवार की रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने गरीब परिवार की मेहनत और उम्मीदों को राख में बदल दिया।
ग्राम निवासी राजेश यादव पुत्र बहादुर यादव के रिहायशी मकान में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसमें मौके पर ही तीन बकरों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार बकरियां और एक गाय गंभीर रूप से झुलस गईं।
इस दौरान पशुओं को बचाने की कोशिश में राजेश की पत्नी इंदा देवी भी झुलस गईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से तत्काल उपचार दिलाया गया।
आग की लपटें उठती देख पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टियों, पानी और टिल्लू पंप के सहारे कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल, पशु चिकित्सक डा. सुरेश चंद, ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल, दीवान पवन कुमार यादव, कांस्टेबल पंकज यादव सहित ग्राम प्रधान रामाशंकर यादव एवं पूर्व प्रधान रामरूप यादव और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक द्वारा मृत बकरों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें दफना दिया गया।
बताया जाता है कि पीड़ित राजेश यादव भूमिहीन और अत्यंत गरीब है तथा उसके परिवार की जीविका का मुख्य सहारा पशुपालन ही था। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायताज दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं प्रधान रामाशंकर यादव एवं पूर्व प्रधान रामरूप यादव तथा ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र आर्थिक मदद, पशु क्षति मुआवजा और आवासीय सहायता प्रदान की जाए, ताकि यह गरीब परिवार इस कठिन परिस्थिति से उबर सके।
यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है कि ऐसे जरूरतमंदों तक समय रहते सहायता पहुंचे, ताकि उनका जीवन फिर से पटरी पर लौट सके।
रिपोर्ट-एमके राय