लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंदिर में पूजा करने गई नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया, जबकि अपहरण के आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना देवगांव क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका घर से मंदिर पूजा के लिए निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस सेल को भी सक्रिय किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और सटीक लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद में दबिश दी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्राम चुनऊ खेड़ा से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से आरोपी दीपक लोधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में देवगांव पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
इस सफलता को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह और कांस्टेबल पुष्पेन्द्र यादव की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस कार्रवाई से यह साबित हुआ कि आधुनिक तकनीक और पुलिस की सक्रियता से अपराधियों के लिए कहीं भी छिप पाना आसान नहीं है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद