आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में घरेलू गैस, डीजल एवं पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए जनपद में आवश्यक ईंधन की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने निर्देशित किया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियां घरेलू गैस सिलेण्डरों की डिलीवरी गैस बुकिंग के सापेक्ष ही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी दिनों में प्रशासन द्वारा निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्यवाही की जाएगी। यदि किसी स्थान या संस्थान पर घरेलू गैस का अनधिकृत वितरण पाया जाता है, तो संबंधित आपूर्तिकर्ता गैस एजेंसी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे अपने कॉल सेंटर को सक्रिय रखें तथा उपभोक्ताओं द्वारा संपर्क किए जाने की स्थिति में उनसे नियमित संवाद स्थापित करें। साथ ही यदि कोई उपभोक्ता ई-केवाईसी के लिए संपर्क करता है, तो उसकी प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, जिससे व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को यह सूचित करें कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस बुकिंग करने के बाद डीएसी नंबर के साथ ही सिलेण्डर की डिलीवरी प्राप्त करें। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद में डीजल एवं पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा रिटेल आउटलेट्स को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। इसलिए जनपद के नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
रिपोर्ट-सुबास लाल