ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत जिवली बाजार में शनिवार अलसुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआई) के पास जौनपुर-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर एक लगभग 25 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ के किनारे पड़ा मिला। शव महताब आलम की बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के सामने पाया गया।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब सड़क किनारे युवक का शव देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शव के पास चप्पल सलीके से रखी होने के कारण क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि प्रथम दृष्टया पुलिस ने सड़क हादसे की आशंका जताई है।
कई घंटे की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान 24 वर्षीय नीतीश यादव पुत्र योगेंद्र, निवासी ग्राम सेनुरी, थाना सरायमीर के रूप में हुई। नीतीश ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में कर्मचारी था और वहीं रहता था। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार सुबह ठेकमा से अपनी मौसी मीना देवी (पत्नी स्व. उदयराज), ग्राम कुरेथू, थाना गौरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर जाने के लिए निकला था।
पुलिस ने परिजनों से बातचीत के आधार पर आशंका जताई है कि बीती रात किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
रिपोर्ट-एमके राय