जिला अस्पताल से फरार हुआ उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला मंडलीय कारागार में बंद उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी जिला अस्पताल से पुलिस कस्टडी को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन से लेकर पुलिस और जिला प्रशासन तक में हड़कंप मचा हुआ है। फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है और उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार फरार बंदी की पहचान उदय उर्फ ‘गुजराती’ पुत्र जसवंत, निवासी अहमदाबाद, थाना ईसानगर, गुजरात के रूप में हुई है। वर्तमान में उसका पता गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
उदय उर्फ गुजराती गोरखपुर में दर्ज हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे 6 सितंबर 2021 को प्रशासनिक आधार पर गोरखपुर जेल से आजमगढ़ मंडलीय कारागार में शिफ्ट किया गया था और वह पिछले चार वर्षों से आजमगढ़ जेल में बंद था। जेल प्रशासन के मुताबिक उदय उर्फ गुजराती लंबे समय से बीमार चल रहा था और पाइल्स की समस्या से पीड़ित होने के कारण उसे हर 15 दिन में जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाना पड़ता था।
इसी क्रम में उसे 6 दिसंबर को आजमगढ़ मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 दिसंबर की भोर में शौच के लिए उठा। इसी दौरान मौका पाकर वहां तैनात जेल पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। जब कुछ देर बाद वह वार्ड में नहीं मिला तो सुरक्षा में लगाए गए दोनों जेल कर्मियों ने तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी शुरू कर दी। देर रात तक की गई खोजबीन के बाद भी जब कैदी का सुराग नहीं लगा तो आजमगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। फरार कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय की गई हैं।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *