लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम लालगंज-दुलारगंज मार्ग पर गंगापुर कबीरा पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे डीजे वाहन में निकला लोहे का राड उसकी छाती में घुस गया, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरदह थाना क्षेत्र के सिसरेड़ी जैतीपुर निवासी युवक शनिवार को अपनी पत्नी को लेने देवगांव स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में लालगंज-दुलारगंज स्थित गंगापुर कबीरा पुल के पास सामने से आ रहे एक डीजे वाहन में लग कर बाहर निकला लोहे का राड उसकी छाती में जा घुसा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
युवक दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था और एक सप्ताह पूर्व ही घर लौटा था। परिवार में वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक विवाहित बहन और डेढ़ साल की छोटी बेटी है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लालगंज के सीओ भूपेश पांडेय ने बताया कि डीजे वाहन से निकला लोहे का राड युवक के सीने में घुस जाने से उसकी मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे घनी झाड़ियां और पेड़ होने के कारण दोनों तरफ से आ रहे वाहनों को देखने में कठिनाई होती है, जिससे यह दुर्घटना घटित हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद