मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य से पहले गणेश भगवान की पूजा की जाती है। गणेश भगवान को विद्या बुद्धि समृद्धि शक्ति और सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इसलिए हिंदू धर्म में गणेश भगवान के जन्म दिवस को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। बुधवार को गणेश भगवान के जन्मदिन पर क्षेत्र में पंडाल लगाकर गणेश भगवान की पूजा की गयी।
हिंदुओं में भगवान गणेश के जन्म दिवस के रूप में गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाता है। इसी क्रम में पंडित हर्षित तिवारी ज्योतिष आचार्य ने बताया कि भगवान गणेश का जन्म भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को हुआ था। इसलिए इसे गणेश चतुर्थी के नाम से भी जानते हैं। गणेश चतुर्थी का पर्व 10 दिन तक मनाया जाता है। इस दौरान लोग अपने घर में गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित करते हैं और दसवें दिन अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश जी की मूर्ति को विसर्जित कर देते हैं। मान्यता के मुताबिक इस पर्व के दौरान भगवान गणेश की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि पौराणिक कथा के मुताबिक महाभारत की रचना के लिए महर्षि वेदव्यास ने गणेश जी का आह्वान किया था। इसके बाद महर्षि व्यास ने महाभारत को लिपिबद्ध करने की प्रार्थना की थी।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी