अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में सफाई कर्मी के आवास में सोमवार की रात को दो चोर घुस गये। रात में परिजन जग गये और एक चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दूसरा चोर भागने में सफल रहा।
अतरौलिया नगर पंचायत के लोहिया नगर निरीक्षण भवन के बगल में नगर पंचायत का ट्यूबेल है जिसमें किराये पर आवास लेकर नगर का सफाईकर्मी अवधेश कुमार अपने सपरिवार रहता है। मंगलवार की रात दो अज्ञात चोर घर में घुस गए और चोरी का प्रयास कर रहे थे कि कुछ आवाज होने पर घर के लोग जग गए और एक चोर को वहीं दबोच लिया। इतने में मौका देख दूसरा चोर भागने में सफल हो गया। सफ़ाई कर्मी अवधेश कुमार ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 नंबर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी मौके पर पहुंच गए और चोर को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए अज्ञात चोर से उसके दूसरे साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है। ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी है जो पुलिस के लिए एक सिरदर्द बना हुआ है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद