संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरायमीर क्षेत्र के पवई लाड़पुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में सोमवार को शशिकला के नेतृत्व में दर्जनों अभिभावकों ने सहायक अध्यापक अभिमन्यु यादव के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 अगस्त को इस विद्यालय में अभिभावकों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक समाप्ति के बाद अभिमन्यु यादव ने हम लोगो से बताया कि आपके बच्चे अगर कमज़ोर हैं तो उनकी मदद की जाएगी। साथ ही विद्यालय में बाउण्ड्री वाल व किचन शेड के लिए प्रार्थना पत्र देना है। इसलिए आप लोग इस सादे पेपर पर हस्ताक्षर कर दीजिये ताकि पत्र को विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा सके। इस पर उपस्थित सभी अभिभावकों ने हस्ताक्षर कर दिया। लेकिन अभिमन्यु यादव ने हम लोगों के साथ धोखा किया। इन्होंने सादे पेपर पर हस्ताक्षर कराए हुए पर तहरीर में लिखा कि यहां के बच्चों को आवंटित खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। और बच्चों को ड्रेस नहीं मिला है जबकि हम सभी लोगों ने प्रधिकार पत्र पर हस्ताक्षर करके उठान किया है और विद्यालय से सारी सुविधा बच्चों को मिल रही है। इस घिनौनी हरकत पर इनको यहां से बर्खास्त किया जाय। इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी मिर्जापुर को पत्र दिया है कि अगर दो तीन दिन के अंदर कार्यवाही नही की गई तो हम लोग अपने बच्चों को विद्यालय नही भेजेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी। प्रदर्शन करने वालो में सुंदरी, सुमन, राधिका, सुनीता, मीना, रेखा सहित दर्जनों अभिभावक मौजूद रहे।
रिपोर्ट-राहुल यादव