आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हरिहरपुर घराना संगीत संस्थान के बैनर तले तीन दिवसीय हरिहरपुर कजरी महोत्सव का आगाज शनिवार की देर शाम हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ व सिने अभिनेत्री आम्रपाली दुबे व श्यामसुंदर चौहान, रमेश यादव, ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र यादव, समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू, उपेंद्र दुबे, डॉ.ओपी पांडे वाराणसी, डॉ.संदीप पांडे वाराणसी आदि द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व पुष्पाजंलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात स्व.प्रमोद मिश्रा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समारोह को आगे बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में हरिहरपुर घराने के बाल कलाकार समूह ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। इसके बाद भारतीय संगीत कला केंद्र के बाल कलाकारों द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुति से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। तीसरे चरण में हरिहरपुर घराना की होनहार युवा गायिका सारिका दास द्वारा कजरी गीत व राग भूपाली में भजन प्रस्तुत किया गया। गोरखपुर से आई मुख्य कलाकार कोमल मौर्या हीना द्वारा एक से बढ़कर कजरी, झूमर, सोहर आदि प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया गया। जैसे ही उन्होंने हम के सावन में चुनरी रंगाई मंगाई दा पिया, घर पहुंचा दे पिया….., झूला पड़े रोज कुंजन में झूले अवध बिहारी ना……., आदि की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद बहुतेरे कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर कजरी गीत की झड़ी लगा दी गई। जिसे सुनकर श्रोता गद हो गए।
मुख्य अतिथि सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने हरिहरपुर के विकास के साथ ही जनपद के विकास की बात कही। निरहुआ ने वादा किया कि वह दिन दूर नहीं जब हरिहरपुर में फिल्म शूटिंग की जाएगी और ंहरिहरपुर संगीत महाविद्यालय निर्माण कराकर आजमगढ़ को विकास के नए आयाम पर पहुंचाया जाएगा। आयोजक निदेशक अजय मिश्र ने सभी का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव