आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देश से क्षय रोग के उन्मूलन के लक्ष्य को वर्ष 2025 तक पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में क्षय रोगियों को खोजने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत जिले में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर विशेष अभियान चलाकर टीबी के मरीज खोजे जाएंगे। यह अभियान 15 मई से शुरू होगा और 21 कार्य दिवसीय होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से हर कार्य दिवस पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की मदद से विशेष टीबी खोज अभियान के शिविर लगाए जाएंगे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार