रक्षाबंधन पर सरकारी बसों में उमड़ी महिलाओं की भीड़

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं और युवतियों को दी गई निशुल्क बस यात्रा की सुविधा का असर शुक्रवार को स्थानीय बस अड्डे पर साफ दिखाई दिया। भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली महिलाओं और युवतियों की बड़ी संख्या सरकारी बसों में नजर आई। बसों में यात्रियों की भीड़ इतनी रही कि कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।
स्थानीय बस अड्डे से होकर गुजरने वाली लखनऊ, फैजाबाद, अंबेडकरनगर और आजमगढ़ रूट की सरकारी बसों में महिलाओं की भारी भीड़ रही। बस परिचालकों के अनुसार, रक्षाबंधन के चलते प्रत्येक बस में करीब 70 से 80 महिलाएं और युवतियां निशुल्क यात्रा करती हुई दिखाई दीं। बसों में सीटें भर जाने के बाद कई महिलाओं को खड़े होकर भी यात्रा करनी पड़ी। रक्षाबंधन के अवसर पर निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बस अड्डे पर अपने गंतव्य के लिए बसों का इंतजार करती महिलाओं ने सरकार के इस फैसले की सराहना की। उनका कहना था कि रक्षाबंधन जैसे पर्व पर निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से मायके पहुंचना आसान हुआ है और यात्रा का खर्च भी बचा है। महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने की खुशी अलग होती है। ऐसे में सरकार की ओर से निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलना उनके लिए बड़ी सौगात है। सुबह से ही बस अड्डे और विभिन्न मार्गों की सरकारी बसों में महिलाओं की भीड़ बनी रही।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *