पौधों को राखी बांध अटेवा ने मांगी पुरानी पेंशन

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अटेवा के बैनर तले शिक्षक-कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अनूठी पहल की। विकासखंड फूलपुर की ग्राम पंचायत कनेरी में शुक्रवार को शिक्षक-कर्मचारियों ने कटहल और पपीता के पौधे लगाए। इसके बाद बहनों ने पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने कहा कि पौधे आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सुरक्षा का प्रतीक हैं। इसी भावना के साथ रक्षाबंधन पर पौधारोपण कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की गई।
शिक्षिका ज्ञानती देवी ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन पर बहनें भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, उसी तरह पौधों को राखी बांधकर कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य की कामना की गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होने तक यह मांग जारी रहेगी। जिलाध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है। सरकार को कर्मचारियों के हित में ओपीएस बहाल करना चाहिए।
इस दौरान महेंद्र चौरसिया, जितेंद्र चौरसिया, सिंबल कुमारी, गुड्डी कुमारी, प्रियांशी, प्रिया, राहुल, संदीप, श्रीकांत सहित शिक्षक, कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *