मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में कब्रिस्तान के पास लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोड के कारण जल गया जिससे कई घरों में अंधेरा छा गया और किसानों के नलकूप ठप हो गए हैं।
बारिश न होने की वजह से फसलों को बचाने के लिए ट्यूबवेल लगातार चलाने पड़ रहे थे, जिससे ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड आ गया और वह फुंक गया। स्थानीय लाइनमैन राकेश ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर की जांच की, लेकिन उसकी हालत ऐसी नहीं है कि उसे तत्काल चालू किया जा सके।
इसकी सूचना खुद स्थानीय निवासी विजय यादव द्वारा बिजली विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 पर आधिकारिक रूप से दर्ज करा दी गई है। हालांकि, शिकायत दर्ज होने के बावजूद अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। अहिरौली गांव के विकास राय, पंकज राय, रमेश राय, अजय राय, विजय यादव, शशांक राय और संजीव राय आदि ने कहा कि इस समय धान की रोपाई के लिए पानी की सबसे अधिक आवश्यकता है। ट्रांसफार्मर फुंक जाने से उनके ट्यूबवेल पूरी तरह बंद पड़े हैं, जिससे फसल सूखने का भी खतरा बना हुआ है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र बरदह के अवर अभियंता आतिश यादव ने बताया कि अहिरौली गांव में ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी मिल चुकी है। विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर स्थापित करा दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और किसानों को बिजली आपूर्ति और सिंचाई की समस्या से जल्द से जल्द राहत मिल सके।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी