आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 10 नवंबर को अष्टम आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में “हर दिन हर किसी के लिए आयुर्वेद” कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को सफल संपन्न कराने हेतु समस्त संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 10 नवंबर को आयुर्वेद दिवस बड़े ही धूमधाम एवं हर्षाेल्लाह के साथ मनाया जाय। उन्होंने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिया कि जिला विद्यालय निरीक्षक से समन्वय स्थापित कर स्कूल तथा कॉलेज में छात्र, छात्राओं को आयुर्वेद से संबंधित औषधीय पौधों के बारे में जानकारी दी जाए तथा इन छात्रों द्वारा औषधीय पौधों का हर्बल गार्डन भी तैयार कराया जाय। आयुर्वेद दिवस पर छात्रों में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर आयुर्वेद के सम्बन्ध में जानकारी दी जाय। उन्होंने कहा कि अष्टम आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालयों में जनमानस के लाभ एवं जागरूकता हेतु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाय। बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉक्टर गीता वर्मा ने आयुर्वेद दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, जिला कृषि अधिकारी डॉ.गगनदीप सिंह, जिला उद्यान अधिकारी हरिशंकर राम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आजमगढ़ सहित संबंधित अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार