कैटर्स के साथ काम करने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बिरूवापुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कैटर्स के साथ काम करने वाले राजेंद्र 4 दिसंबर को सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर में एक शादी समारोह में खाना बनाने के लिए घर से गए थे, जहां शनिवार की सुबह उनकी मृत्यु हो गई। परिवार के अनुसार, राजेंद्र निषाद पुत्र स्व. सागर निषाद पिछले कई वर्षों से कैटर्स का काम करते थे। मृतक दो भाइयों और पांच बहनों में बड़े थे। करीब 15 वर्ष पहले हुई उनकी शादी कुछ समय बाद ही टूट गई थी, जिसके बाद वे अपने भाई के पास ही रह रहे थे।
घटना की सूचना सबसे पहले साथ काम करने वाले कैटर्स जितेंद्र मोदनवाल ने परिजनों को दी। मृतक के भाई राकेश की पत्नी सुशीला ने पुलिस को हत्या की आशंका जताते हुए 112 नंबर पर कॉल किया, जिस पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिश्तेदार संजय निषाद ने बताया कि राजेंद्र 4 दिसंबर को कैटर्स टीम के साथ दोस्तपुर गए थे। उन्होंने कहा संभव है कि ठंड लगने या किसी अन्य कारण से उनकी मृत्यु हुई हो। वहीं, कैटर्स संचालक जितेंद्र मोदनवाल ने बताया कि राजेंद्र 15-20 वर्षों से उनके साथ ही काम कर रहे थे। शुक्रवार को खाना खाने के बाद वह वहीं सो गए थे। सुबह जब हम वहां पहुंचे तो वे बेहोश अवस्था में मिले, पास जाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। उनके भाई गोलू को फोन पर इसकी सूचना तत्काल दिए।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे, उप निरीक्षक पवन सिंह व उमेश चंद भी मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *