आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेंहनगर थाना क्षेत्र के पिथौरपुर (उसरी) गांव के शनिवार को अमृत सरोवर में नहाते समय डूबने से एक युवक की मौत हो गई। गोताखोरों के काफी के प्रयास के बाद शव बरामद हुआ। युवक के साथ रहाएक अन्य युवक घटना के बाद बाइक से भाग निकला।
जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के सतमेसरा निवासी 26 वर्षीय सनोज कुमार एक दिन पहले मेंहनगर थाना के मालपार निवासी फूफा सूर्यमन राम के घर गोद भराई की रस्म में शामिल होने आया था। शनिवार को बगल के गांव पिथौरपुर के अमृतसरोवर में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान वह सरोवर को पार करने लगा। इसी बीच वह डूबने लगा। यह देख स्नान कर रहे अन्य लोग बचाने का प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। चर्चा है कि सनोज के साथ स्नान करने वाला एक अन्य युवक घटना के बाद अपनी बाइक से फरार हो गया। सरोवर के बाहर युवक की बाइक, कपड़ा व मोबाइल पड़े होने की सूचना पाते ही उसके रिश्तेदार व पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने पहले जाल डालकर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। फायर बिग्रेड के जवान कांटा डालकर खोजने में लगे रहे। इधर, महाराजगंज से गोताखोरों ने आकर शव को बरामद किया। सनोज की छह माह पूर्व शादी हुई थी। एसओ संजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सूचना पर पहुंचे घर के सदस्यों के क्रंदन से माहौल गमगीन रहा।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी