अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के एक युवक की मंगलवार रात भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी मंदुरी के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
अतरौलिया नगर पंचायत निवासी गुड्डू सोनी 35 वर्ष पुत्र अशर्फी सोनी मंगलवार रात करीब 9.30 बजे मोटरसाइकिल से आजमगढ़ से दुकान का सामान लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह मंदुरी के समीप पहुंचा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने लापरवाही से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक कार को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गुड्डू सोनी अतरौलिया बाजार में श्रृंगार की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार की आजीविका का सहारा छिन गया है। वह अपने पीछे 10 वर्षीय बेटा यश और पांच वर्षीय बेटी तनु को छोड़ गए हैं। बच्चों और पत्नी अर्चना की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। नगर पंचायत क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।
मृतक के भाई संतराम सोनी ने कंधरापुर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार को कब्ज़े में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद