आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गंभीरपुर थाना के सिंघड़ा गांव निवासी विकास कुमार 21 वर्ष सोमवार को बाइक से किसी काम के लिए जिला मुख्यालय गया था। देर रात वह वापस घर लौट रहा था। अभी वह गंभीरपुर पुलिस चौकी के पास ही पहुंचा था कि अज्ञात वाहन से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। 108 एंबुलेंस से उसे पीएचसी मोहम्मदपुर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था।
रिपोर्ट-सुबास लाल