लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के तरफकाजी गांव के समीप शनिवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो गई।
देवगांव की ओर से आ रही एक बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत युवक की पहचान ठेकमा विकास खंड के कमरपुर गांव निवासी अरविंद कुमार भारती के रूप में हुई है।
अरविंद शनिवार की शाम अपनी बाइक से देवगांव से घर लौट रहा था। जैसे ही तरफकाजी गांव के समीप पहुंचा तभी अचानक सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी सड़क पर आ गयी। इसी दौरान अरविंद की बाइक अनियंत्रित होकर स्कूटी से जा टकराई। जोरदार टक्कर लगने से अरविंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज भिजवाये। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जांच के बाद अरविंद को मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद