मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गौरा गांव में इन्वर्टर बनाते समय करंट लगने से एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गौरा गांव के उत्तर पुरवा निवासी योगेश सिंह पुत्र जयराम सिंह रविवार की सुबह अपने घर की लाईट बना रहा था। इसी दौरान विद्युत करंट की चपेट में आ गया। परिजनो द्वारा आनन फानन में उपचार के लिए आजमगढ़ ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया। बताते चलें गौरा गांव निवासी जयराम सिंह के तीन पुत्रों में मृतक योगेश दूसरे नंबर पर था और अपने बड़े भाई के साथ रोजी-रोटी के सिलसिले में महाराष्ट्र प्रान्त के मुंबई में रहता था। एक माह पूर्व ही मुम्बई से लौटा था। मृतक की मां सीमा देवी दर्शन पूजन के लिए कर्नाटक गयी हुई हैं जिन्हें बेटे की मौत की सूचना दी गई है। वहीं बड़ा भाई सूचना पाकर मुम्बई से चल दिया है। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी