लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह गांव निवासी मुकेश कुमार 20 वर्ष पुत्र नंदा राम की गुरुवार शाम जौनपुर स्थित राजघाट पर नदी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से शुक्रवार को दूसरे दिन भी तलाश जारी रखी, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।
गोमाडीह गांव में गुरुवार को राधिका पत्नी फिरतू का निधन हो गया था। उनका शव परिजन अंतिम संस्कार के लिए जौनपुर स्थित राजघाट लेकर गए थे। अंतिम संस्कार में मुकेश कुमार भी शामिल हुआ था। शव दाह संस्कार के बाद ग्रामीण राजघाट नदी में स्नान के लिए गए। इसी दौरान मुकेश गहरे पानी में उतर गया और डूब गया। घटना की सूचना पर प्रशासन की मदद से गोताखोर बुलाए गए, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को भी जौनपुर पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन शव बरामद नहीं हो पाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक दो भाई और दो बहन में सबसे छोटा था। वह चेन्नई में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था और तीन दिन पहले ही घर आया था।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद