महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी एक युवक की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अजमत 20 वर्ष पुत्र पप्पू निवासी जयपुर, परशुरामपुर अपने परिवार के साथ गंगापुर स्थित सरयू नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान गहरे पानी में जाने के कारण वह अचानक डूबने लगा। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के चलते उसे बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी देर बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्या ने बताया कि परिवार वालों के पोस्टमार्टम न कराने के लिखित निवेदन पर शव का पंचनामा बनाकर शव को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या अन्य जलाशयों में स्नान करते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र