महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भैरव धाम मंदिर के पोखरे में एक युवक की नहाते समय डूबने से मौत हो गयी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
भैरव धाम में गुरूवार को पूर्णिमा के अवसर में हर वर्ष कि भांति इस वर्ष भी मेला लगा हुआ था। आंखापुर थाना कंधारापुर निवासी उदयभान यादव अपनी पत्नी किरन यादव अपने दो मासूम बच्चे के साथ भैरव धाम में दर्शन के लिए आया था। दर्शन से पहले धाम के पोखरे में स्नान करने के लिए गया और गहराई का अंदाजा न होने से गहरे पानी में चला गया जिससे वह डूब गया। उसकी पत्नी किरन को ज़ब वह पानी में कहीं नज़र नहीं आया तो वह शोर मचाते हुए भैरव बाबा प्रबंधन समिति के कार्यालय को घटना की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगायी। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राकेश यादव ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए आनन फानन में स्थानीय तैराकों को पोखरे में उतार दिया। पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी कमलकान्त वर्मा ने पोखरे के चारों ओर पुलिस बल तैनात कर तलाशी तेज करते हुए कुछ और स्थानीय तैराकों को पोखरे में उतारा। लगभग दो घंटे के अथक प्रयास के बाद युवक को गहरे पानी से निकाला जा सका। उसे तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है।