मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम असौसा निवासी चंद्रभूषण पांडेय का मूकबधिर 38 वर्षीय पुत्र सुनील पांडेय करेंट की चपेट में आ गया जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।
असौसा गांव के पश्चिमी सिवान में शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ सुनील पांडेय अपने पशुओं को चराने के लिए गया था। उक्त सिवान में गांव के ही सूबेदार यादव का निजी नलकूप स्थित है। विगत दिनों आई आंधी तूफान में अल्बेस्टर धराशायी हो गया था। निजी नलकूप स्वामी अपना मीटर आदि घर लेकर चला आया था। नलकूप से सटे एक आम पेड़ अल्बेस्टर पर गिरा था। मूकबधिर पेड़ से गिरे हुए आम को अल्बेस्टर से उठाने का प्रयास किया। इसी दौरान जीर्ण शीर्ण कटे विद्युत तार की चपेट में आने से घटना स्थल पर मौत हो गई। स्वजन ने डायल-112 को सूचना दी। इसी बीच ग्रामीणों ने मेंहनगर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी अनुराग कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी