गाय को बचाने गये युवक की पोखरे में डूबने से मौत

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के रोवांपार गांव में एक युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। वह एक बेसहारा गाय को बचाने के प्रयास में गहरे पानी में उतर गया था। मृतक की पहचान सुंधी गांव निवासी शुभम यादव पुत्र सुभाष यादव के रूप में हुई है। शुभम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
स्थानीय लोगों के अनुसार शुभम चिल्लूपुर गांव में घूम रही एक बेसहारा गाय को पकड़ने गया था। अचानक गाय पोखरे में कूद गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए शुभम पानी में उतर गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण खुद भी डूब गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शुभम को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनाजपुर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि चिलुपुर गांव में दर्जनों आवारा पशु घूमते रहते हैं। इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *