मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव में बारजा निकालने को लेकर शनिवार को देर शाम चचेरे भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मोहन राम पुत्र पलटन राम का अपने पटीदारों से घर के बारजा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर शनिवार को उसका अपने चचेरे भाई विजेंद्र राम पुत्र लौटन राम से झगड़ा हो गया। विवाद के दौरान मोहन राम ने विजेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल विजेंद्र को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मोहन राम मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय व थाना प्रभारी निहार नन्दन कुमार, एसओजी टीम, फोरेंसिक टीम के अलावा देवगांव व तरवां थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर नामजद अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हो चुका था, जिसमें उस समय आपसी समझौता हो गया था, लेकिन एक बार फिर विवाद उभरने पर शनिवार को देरशाम यह घटना हो गई।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी