संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरायमीर थाना क्षेत्र के कोरौली बुजुर्ग गांव में मंगलवार की दोपहर प्यारी देवी 55 वर्ष पत्नी दिनेश कुमार अपने घर में सोई थी। गांव का ही श्रवण कुमार पुत्र राधेश्याम घर पर चढ़कर मां-बहन की गाली दे रहा था। आवाज सुनकर प्यारी देवी घर से बाहर निकली। गाली दे रहे श्रवण कुमार से कारण पूछा तो उसने धक्का दे दिया जिससे प्यारी देवी गिर गई और मुंह से झाग आने लगा। घर के लोग क्षेत्र के स्थानीय अस्पताल पर ले गए जहां पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने प्यारी देवी को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे पंकज कुमार ने इसकी सूचना सरायमीर पुलिस को दिया। सूचना पाते ही पुलिस जांच मंे जुट गयी।
इस सम्बन्ध में सरायमीर थाना प्रभारी यादवेन्द्र पांडेय ने बताया कि अन्य कार्यवाही के लिए जिला अस्पताल पर पुलिस को भेज दिया गया है। अभी तक मृतका की तरफ से तहरीर नहीं पड़ी है। तहरीर मिलते ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।
रिपोर्ट-राहुल यादव