पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरारामजी गांव निवासी एक युवक ने शुक्रवार की रात अपनी ससुराल टैनी थाना पवई में फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम पूरारामजी थाना अहरौला निवासी संतोष 32 वर्ष पुत्र राम भजन अपनी ससुराल गांव टैनी थाना पवई में पिछले 6 माह से पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। आए दिन पति-पत्नी में विवाद होता रहता था। शुक्रवार की रात दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। उसके बाद दोनों अपनी-अपनी जगह बच्चों के साथ सोने चले गए। रात करीब 10 बजे जब पत्नी ने देखा तो संतोष अपने बिस्तर पर नहीं था। काफी खोजबीन करने के बाद घर के पीछे नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे संतोष को लटकता देखा। पत्नी के चीखने पर परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। आनन-फानन में परिवार वाले माहुल स्थित एक निजी नर्सिंग होम लेकर गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घर वालों ने पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक 4 पुत्री व एक पुत्र का पिता था।
रिपोर्ट-नरसिंह