युवक पर पिस्टल के बट से हमला कर किया घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के करिया गोपालपुर गांव में रविवार की शाम खेत से घर लौट रहे एक युवक पर पड़ोसियों ने पिस्टल के बट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
करिया गोपालपुर निवासी राजवन्त यादव पुत्र अभिराज यादव शाम लगभग छह बजे अपने खेत से बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के दो युवकों ने बीच रास्ते में रोक लिया और कहा कि हमारी चाची की जमीन खरीद रहे हो। यह कहते हुए दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पिस्टल निकालकर बट से राजवन्त यादव के सिर पर वार कर दिया। हमले में राजवन्त यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई और दांत टूट गए। परिजन उन्हें तत्काल 100 सैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि हमलावरों में एक व्यक्ति गैंगस्टर प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *