उज्जैन में World Record, भक्तों ने जलाए 18 लाख 82 हजार 229 दीए

शेयर करे

आज से विक्रम उत्सव शुभारंभ हो रहा है जो वर्ष प्रतिपदा तक चलेगा: शिवराज सिंह चौहार

उज्जैन (सृष्टि मीडिया)। शिव ज्योति अर्पणम के तहत 18 लाख 82 हजार 229 दीये जलाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज सब कुछ अलौकिक लग रहा है। आज से विक्रम उत्सव शुभारंभ हो रहा है जो वर्ष प्रतिपदा तक चलेगा। उन्होंने कहा कि महाकाल की कृपा बरस रही है, चारो तरफ आनंद की वर्षा हो रही है। शिव और शक्ति का मिलन हुआ है आज। शक्ति के बिना काम नहीं चलता। मैं सब में देवी को देखता हूं, लाडली बहना योजना लांच कर रहा हूं अब।

उज्जैन में महाकाल लोक की वजह से देश में हमारा नाम हुआ है: सीएम

उन्होंने कहा कि उज्जैन वासियों का आज अभिनदंन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है, आगे बढ़ रहा है। लेकिन मध्य प्रदेश भी किसी से कम नहीं है। महाकाल महाराज की कृपा मध्य प्रदेश पर बरस रही है। स्वच्छता में भी उज्जैन नंबर वन बने यह जनभागीदारी बनी रहे। आइए हम सब साथ चलें, उज्जैन को आगे ले जाएं और मध्य प्रदेश को आगे ले जाएं। अपने बच्चों का भविष्य और बेहतर बनाएं। उज्जैन में महाकाल लोक की वजह से देश में हमारा नाम हुआ है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में एक साथ सर्वाधिक दीपक जलाने का विश्व रिकॉर्ड महाशिवरात्रि पर बन गया। इसके बाद रामघाट पर आतिशबाजी हुई। अयोध्या की तर्ज पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

स्वयंसेवकों ने दीयों में तेल बाती लगाने का किया काम

मोक्षदायिनी शिप्रा के घाटों पर भी आज इतिहास रचा गया। यहां एक साथ 18 लाख 82 हजार दीये जलाए गए। वहीं पूरे शहर में 21 लाख दीपक जलाए गए हैं। स्वयंसेवकों ने दीयों में तेल बाती लगाने का काम किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ 11 दीपक जलाकर शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव की शुरूआत की। इसके बाद सायरन बज गया और स्वयंसेवकों ने दीपक जलाना शुरू कर दिया। यहां गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की पांच सदस्यीय टीम भी मौजूद रही जिन्होंने पांच ड्रोन से निगरानी की। आज केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा घाट, रामघाट और भूखी माता घाट तक लोगों की भीड़ जमा रही। इस अलौकिक और विहंगम नजारे को देखने के लिए सीएम शिवराज सिंह, उनकी पत्नी साधना सिंह और मंत्री मोहन यादव ने नौका विहार किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।

जयघोष करते रहे श्रद्धालु

सीएम द्वारा पहला दीया जलाने के साथ ही पूरे घाट पर स्वयंसेवकों ने 18 लाख 82 हजार दीए प्रज्जवलित किए। सभी दीपक करीब एक घंटे तक जले। शाम सात बजे घाट क्षेत्र की लाइट बंद कर दी गई। इसके बाद ड्रोन कैमरे से वीडियो शूटिंग की गई। इसके बाद विश्व रिकॉर्ड की घोषणा हुई। सीएम को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र सौंपा गया। उज्जैन में 18 लाख 82 हजार दीये जलाकर विश्व कीर्तिमान बना लिया है। उज्जैन ने अयोध्या का रिकॉर्ड तोड़ा है। अयोध्या में पहले 15 लाख 76 हजार दीये जलाए गए थे, उससे आगे निकलकर महाकाल की नगरी ने ये रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। इसका प्रमाण पत्र सीएम शिवराज और उज्जैन महापौर ने लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *