आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुरानी पेंशन के पक्ष में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वन पर गांधी जयंती के अवसर पर पुरानी पेंशन बहाली के लिए महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष शिखा मौर्य के नेतृत्व में जनपद के पेंशनविहीन कर्मचारियों ने शांति मार्च निकाला।
संगठन की जिलाध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अप्रैल 2005 के पश्चात नियुक्त शिक्षक, कर्मचारियों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर नई पेंशन योजना लागू की गई जो शिक्षक कर्मचारी समाज को स्वीकार नहीं है। शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट के सामने स्थित अम्बेडकर पार्क से शांति मार्च प्रारम्भ किया जो रैदोपुर चौराहा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात समाप्त हुई। संगठन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतिभा श्रीवास्तव ने कहा कि, राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा अपना पूरा जीवन प्रदेश के विकास एवं योजना के क्रियान्वयन में अर्पित करने के उपरान्त उन्हें व उनके परिवार को बेसहारा छोड़ना न्याय संगत नहीं है तथा इन्हें भी समाज में सम्मान पूर्वक जीने का हक मिलना चाहिए। तत्पश्चात महिला शिक्षक संघ की टीम द्वारा मुख्यमंत्री को संबोधित पुरानी पेंशन बहाल करने का मांगपत्र जिलाधिकारी को दिया गया। पदयात्रा में अंशु अस्थाना, प्रज्ञा राय, स्नेहलता, प्रमिला, सुष्मिता, अलका राय, शालिनी, सिम्पल सिंह जकिया, करुणेश, राकेश, शेषनाथ आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार