महिलायें धैर्य, संतोष और संतुलन का प्रतीक होती हैं- मण्डलायुक्त

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अन्तर्गत हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ मण्डलायुक्त विवेक कुमार, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार तथा राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मण्डलायुक्त ने कहा कि पिछले 5000 वर्षों के बदलाव का इतिहास देखा जाए तो, इसमें विकास कई वर्षों तक मुख्यतः पुरुषों द्वारा किया गया। उन्होने कहा कि संस्कृति और हृदय, भावना और संवेदनशीलता महिलाओं के अधिकार का क्षेत्र हैं। उन्होने कहा कि पुरुष और महिला दोनों ही समाज रूपी रथ के दो पहिये हैं, दोनों का अपना महत्व है, और यह किसी के निम्न या श्रेष्ठता को नही दर्शाता है। उन्होने कहा कि महिलाएँ शारीरिक रूप से कमज़ोर भले ही दिखाई दें, लेकिन उनकी प्रतिरोधक क्षमता और आंतरिक शक्ति पुरुषों से ज्यादा होती है। उन्होने कहा कि महिलायें धैर्य, संतोष और संतुलन का प्रतीक होती हैं। पुरुषों में असंतोष देखा जाता है, इसी असंतोष ने सभ्यता के विकास को गति दी है। उन्होने कहा कि विश्व की समस्याओं का एक प्रमुख कारण वैश्विक समाज में महिलाओं की उचित भूमिका का अभाव है।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने महिला सशक्तिकरण दृष्टिगत कहा कि महिला कोमल है, पर कमज़ोर नहीं, वह सशक्त नारी है एवं शक्ति का अवतार है। उन्होने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम शुभारम्भ मुख्यमंत्री द्वारा नवरात्रि के प्रथम दिन पर किया गया है। यह कार्यक्रम नारियों को स्वावलम्बन, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मिशन शक्ति कार्यक्रम की स्थापना महिलाओं को सशक्त बनाकर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश और सर्वाेत्तम प्रदेश बनाने के लक्ष्य के साथ की गई थी। उन्होने कहा कि मिशन शक्ति का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बनाना हैं।
राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ0 पिं्रयका मौर्य ने कहा कि नारी को हम अलग-अलग रूपों में पूजते हैं। उन्होने महिलाओं से कहा कि अगर आप निष्ठा भाव से कोई भी कार्य करती हैं, तो आप किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं।
इस अवसर पर मण्डलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने वाली उप निरीक्षक सानिया गुप्ता, प्रियंका तिवारी एवं महिला आरक्षी शिखा सिंह, पूजा पासवान, दिव्या शुक्ला एवं शबाना बानो को प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *