पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमपुर चकिया मोड़ के पास बुधवार सुबह बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला और 8 माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहां गांव निवासी संदीप राम 20 वर्ष पुत्र मखंचू राम अपनी बहन मनीषा 22 वर्ष और 8 माह के श्रेयांश को बाइक से लेकर किसी कार्य से आजमगढ़ जा रहा था। जैसे ही वे आजमपुर चकिया मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही अल्ट्रोज कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सभी घायलों को जिला चिकित्सालय भंजवाया। जहां उपचार के दौरान मनीषा और 8 माह के मासूम श्रेयांश की मृत्यु हो गई। संदीप का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा कार को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
रिपोर्ट-बबलू राय