लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मोहम्मदपुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गंभीरपुर से शुक्रवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत ब्लाक स्तरीय रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना रहा।
भाजपा नेता कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा और खंड शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली गंभीरपुर बाजार का भ्रमण करते हुए पुनः प्राथमिक विद्यालय पर समाप्त हुई।
रैली के दौरान शिक्षक और छात्र गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे”, “पढ़ी-लिखी लड़की रोशनी घर की” और “मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते रहे। रैली का संचालन दयाशंकर यादव और अंजनी मिश्रा ने किया।
कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षा जीवन की सफलता का आधार है और अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक ‘स्कूल चलो अभियान’ का प्रथम चरण संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना और ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाया जाना चाहिए।
इस मौके पर एआरपी सुजीत सिंह, रमापति यादव, अजय यादव, मुकेश उपाध्याय, प्रधानाध्यापक घनश्याम उपाध्याय, अबू गानिम, राजेश कुमार, रविंद्र नाथ मौर्य, साधना, ब्लाक अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, हरेंद्र यादव, प्रशांत सिंह, गोपाल मौर्य, मिथिलेश कुमार, अखिलेश कुमार, इरशाद अहमद, उमाशंकर, सुनील पांडेय, सौरभ यादव, कमलेश सरोज, अनंत यादव, धर्मेंद्र कुमार, सुनील उपाध्याय, शशांक पांडेय और अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद