कहा- शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अरविंद केजरीवाल जैसा एक भी ठोस काम नहीं कर पाई भाजपा
वाराणसी (सृष्टि मीडिया)। लगातार सर्वे आ रहे हैं कि वर्तमान में हम देश के दूसरे नम्बर के राजनीतिक दल हैं। जिस तरह से हमारा सफर तेजी से बढ़ रहा है, उसके अनुसार ‘आप’ जल्द ही देश की नम्बर वन पार्टी होगी। इसीलिए भाजपा हमारी पार्टी और हमारे नेताओं पर बौखलाई हुई है। वह शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अरविंद केजरीवाल जैसा एक भी ठोस काम आज तक नहीं कर पाए हैं। उक्त बातें आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को वाराणसी में कही।
कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा को चुनना
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा को चुनना है। हर राज्य में कांग्रेस के विधायक टूट कर भाजपा में जा रहे हैं। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर संजय सिंह ने कहा कि वह सब ‘कांग्रेस छोड़ो’ को रोकने के लिए किया जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शराब के नशे में धुत होने के कारण फ्रेंकफर्ट में उन्हें लुफ्थांसा एयरलाइंस के विमान से उतार दिया गया। इस सवाल पर संजय सिंह ने खबरनवीसों से कहा कि क्या आपने लुफ्थांसा एयरलाइंस की प्रतिक्रिया देखी है। लुफ्थांसा एयरलाइंस ने ट्वीट कर स्पष्ट किया है कि उनकी फ्लाइट के लेट होने के पीछे भगवंत मान से कोई लेना-देना ही नहीं है। तबीयत किसी की भी खराब हो सकती है। पंजाब के सीएम भगवंत मान पर आरोप लगाने वाले लोगों को लुफ्थांसा एयरलाइंस की प्रतिक्रिया आने के बाद हाथ जोड़ कर माफी मांगनी चाहिए।
भ्रामक संदेश देना चाहती है भाजपा
‘आप’ के विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनके घर पर एसीबी ने छापा मारा था। भाजपा ने प्रायोजित भ्रामक संदेश प्रसारित किया कि उनके घर से अवैध असलहा और लाखों रुपये बरामद हुए हैं। अच्छी बात यह हुई कि उनकी पत्नी और बच्चों ने एसीबी के अफसरों से कहा कि आपने क्या-क्या बरामद किया है, लिख कर जाएं। वीडियो कैमरे के सामने अफसरों ने कहा था कि कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। तो आखिर किस आरोप में अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार हुए हैं।
नगर निकाय चुनाव में करेंगे अच्छा प्रदर्शन
‘आॅपरेशन लोटस’ महाराष्ट्र में ही सफल हो सकता है, दिल्ली और पंजाब में नहीं। ‘आप’ के विधायक भाजपा की आपराधिक साजिशों से डरने और घबराने वाले नहीं है। हमारा साफ कहना है कि जांच में मेरे भाई कुछ तो निकालो। संजय सिंह ने कहा कि बीते दिनों हमारे कार्यकर्ताओं ने यूपी में सेल्फी विथ स्कूल का अभियान चलाया था। काशी, जौनपुर, अमरोहा से लेकर ऐसा कोई जिला नहीं मिला जहां के सरकारी स्कूल अच्छी दशा में हों। अरविंद केजरीवाल का नारा है कि भारत को नम्बर वन बनाना है। इसलिए हमारा संकल्प है कि अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी से लेकर सभी मूलभूत सुविधाओं को हमें अच्छे तरीके से लोगों को देना है। आने वाले दिनों में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। यूपी के नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
रिपोर्ट : अमन विश्वकर्मा