अर्घ्य देंगे हम के उमंग संग पूजा घाटों की ओर बढ़ते गए कदम

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। व्रती महिलाओं के हाथ में कलश तो उसके पीछे किसी के सिर पर सूप और दउरा तो किसी के कंधे पर गन्ने का पेड़। अर्घ्य देंगे हम के उमंग संग पूजा घाटों की ओर दोपहर से ही श्रद्धालुओं के कदम बढऩे शुरू हुए तो दिन ढलने तक यह क्रम बना रहा। लाखों लोगों ने एक साथ अर्घ्यदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सडक़ से लेकर गांव की गलियों तक छठ मइया का जयकारा लगता रहा। कुछ ऐसा ही दिखा सोमवार को डाला छठ पर। दोपहर से पहले पूजा के लिए भूले सामानों का इंतजाम और उसके बाद नदी-सरोवरों की ओर बढ़ते लोगों में लग रहा था कि मानों सूर्य भगवान ने अतिरिक्त ऊर्जा का संचार कर दिया हो। शाम होने के साथ घाटों पर भीड़ इतनी कि तिल रखने की जगह तक नहीं बची थी।
निराजल व्रत रखने वाली महिलाओं के साथ ही पूरे परिवार में एक अलग तरह की ऊर्जा दिखी। सभी के चेहरे पर उत्साह के भाव थे। इंतजार था घाटों पर पहुंचने का। नदी हो या सरोवर, सभी घाटों पर आस्था की लहरें हिलोरें ले रही थीं।
शाम होने के साथ अर्घ्यदान का क्रम शुरू हुआ, तो एक साथ लाखों लोगों ने भगवान भास्कर को नमन किया। उत्साह ऐसा कि तीन दिन का व्रत रखने वाली महिलाओं के चेहरे को देख लग रहा था कि भगवान भास्कर की कृपा है। उनके चेहरे पर कहीं से थकावट के भाव नहीं दिख रहे थे।
हर तरफ खुशी और जुबां पर छठ मइया से जुड़े गीत। यह अद्भुत दृश्य देख लग रहा था कि मानों भगवान भास्कर ने अपने भक्तों में अतिरिक्त ऊर्जा का संचार कर दिया हो। शाम होने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ से नदी-सरोवरों के घाट पट गए थे। घाटों के किनारे शाम होने के साथ विद्युत रोशनी से नहा उठे। सूर्यास्त होने के पहले सूर्य के सिंदूरी रूप का दर्शन करने के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य शुरू हो गया। घाटों पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर की विधि-विधान से पूजा कर उनसे अपने पति के दीर्घायु और पुत्रों के यशस्वी व वीरवान होने की कामना की।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम सभा सिधौना स्थित मां सिद्धेश्वरी धाम मैंना पोखरे के किनारे तथा देवगांव स्थित गांगी नदी के तट पर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मैंना पोखरे के किनारे 124 बेदियां बनाई गई थीं, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। महिलाएं गीत गाती और नाचती हुई पोखरे तक पहुंचीं और सूर्य देव से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक झालरों और लाइटों से सजाया गया था। देवगांव की गांगी नदी के तट पर भी छठ व्रत का भव्य आयोजन किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना मेहनाजपुर प्रभारी मनीष पाल अपने हमराहियों के साथ सिद्धेश्वरी धाम और गांगी नदी दोनों स्थलों पर लगातार गश्त करते रहे।
मुबारकपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगर एवं ग्रामीण अंचलों के विभिन्न पोखरों, तालाबों और तमसा नदी तट पर श्रद्धा एवं आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने विधि-विधानपूर्वक सूर्य भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पुत्र की दीर्घायु एवं जगत कल्याण की कामना की। मुबारकपुर थाना परिसर के सामने स्थित पोखरा, सिकंदरपुर घाट सहित गुजरपार स्थित तमसा नदी तट, और नगर के विभिन्न तालाबों पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। गुजरपार तमसा तट पर प्रधानपति रामायण यादव के नेतृत्व में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का विशेष खाका तैयार किया गया था। श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्गों को व्यवस्थित करते हुए पूरे स्थल को आकर्षक रूप दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थानाध्यक्ष शशि मौलि पांडेय, चौकी प्रभारी मुरारी मिश्रा, कमलाकांत यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य लगातार निगरानी में जुटे रहे।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार माहुल के सिद्धपीठ कालीचौरा पोखरे और मंजुसा नदी बरामदपुर में पानी में खड़े होकर अर्घ्य देते हुए व्रतियों ने संतान और पति के सुख समृद्धि और मंगल की कामना किया। गाजे बाजे के साथ ब्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का क्षेत्र के विभिन्न गावों से आना शुरू हुआ। इस दौरान छठ मैया के गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। उसके बाद अपनी अपनी वेदियों के पास ब्रतियो द्वारा धूप दीप प्रज्वलित कर भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा अर्चना की। तत्पश्चात पानी में खड़े होकर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र, अरुण पांडेय, विमलेश पाण्डेय, सुजीत जायसवाल आंसू, हरिकेश गुप्ता, दिलीप सिंह, विष्णु कांत पाण्डेय, सन्तोष सिंह, महातम सिंह, चन्दन सिंह, बब्लू शुक्ला, सुधाकर सिंह, अजील सिंह, सिंटू सिंह आदि मौजूद रहे। काली चौरा पोखरे पर पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद रहा। थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार चौकी प्रभारी माहुल सुधीर सिंह के साथ ही साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र और चेयरमैन लियाकत अली के निर्देश पर नगर पंचायत के कर्मचारी लगातार लगे रहे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार नगर के विभिन्न घाटों पूरब पोखरा, पश्चिम पोखरा, समेत क्षेत्र के नंदना, मदियापार, लोहरा, बढया, बूढनपुर, अतरैठ, बांसगांव आदि स्थलों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
सूर्यास्त से पूर्व महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि व पुत्र के दीर्घायु की प्रार्थना की। नगर पंचायत द्वारा दोनों प्रमुख पोखरों की साफ-सफाई, विद्युत रोशनी और झालरों की आकर्षक सजावट की गई थी। डीजे पर बजते छठ मइया के भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ सभी घाटों पर सतर्क निगरानी रखी गई। महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती भी की गई थी। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संग्राम यादव ने छठ महापर्व की सभी महिलाओं को शुभकामना देते हुए कहा कि “छठ पूजा हमारी सनातन परंपरा की अनुपम पहचान है। यह पर्व सूर्याेपासना के साथ सामाजिक एकता और मातृशक्ति के तप का प्रतीक है। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र जायसवाल, धर्मेंद्र निषाद राजू, जयकिशन पांडे, टीटू विनायकर, तजमुल हुसैन आदि मौजूद रहे।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार बिलरियागंज थाना अंतर्गत पटखौली, पटवध कौतुक, हरखपुर, सेठारी, श्रीनगर सियरहां, अवंती पहलवानपुर, गौरी नरायनपुर, आजमपुर, गोसडी, बसिला, पटवध सुधाकर, चांदपुर और मानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में छठ पर्व की छटा देखते ही बन रही थी। महादेव छठ पूजा समिति, पटवध कौतुक के तत्वावधान में प्राचीन शिव मंदिर स्थित अमृत सरोवर घाट पर भव्य आयोजन किया गया। छठी मैया की प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सत्येंद्र राय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर रूद्रप्रकाश राय, मनीष राय उर्फ सूरज राय, सूरज प्रकाश राय, ग्राम प्रधान अब्दुल मन्नान, सोनू राय, प्रदुमन राय, शिवम राय, ऋषि प्रजापति आदि उपस्थित रहे। पटवध कौतुक के प्रधानपति सुरेश्वरी दत्त उपाध्याय का आयोजन में विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता में शिवम राय (शोलू), अंशुमान राय तथा भीम राय की प्रमुख भूमिका रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र बिलरियागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, एसएसआई रामप्यारे एवं स्थानीय पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे।
रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार रानी पोखरे पर प्रतिमा लगाई गई थी। गाजे बाजे के साथ लोग पहुंचे। पानी में वालेंटियर भी तैनात रहे। क्षेत्र के शाहखजुरा, चडई, मझगांवां, पंदहा आदि गावांे के पोखरो पर भी काफी भीड़ रही। सोमवार को पहले अर्घ्यं के लिए ब्रतियांे को बादलो की ओट से ही भगवान सूर्य को अर्घ्यं अर्पित करना पड़ा। सोमवार को दिन भर बादल छाये रहे। पानी में बने बेदी के पास भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए ब्रतधारी आसमान की ओर निगाहें लगाये रहे लेकिन भगवान सूर्य बादलो की ओट के बीच ही अस्त हुए। रानी पोखरे पर इस बार भी ब्रतियांे के साथ गये लोगो के लिए स्वंयसेवियांे द्वारा चाट, पानी, चाउमीन आदि के अलग अलग दस स्टाल लगे रहे। ब्रतियो को कुछ खाना नही था लिहाजा साथ मे गये लोग लुत्फ लेते रहे। पोखरे पर साज सजावट के साथ अन्य व्यवस्था संचालन में लोग जुटे रहे। इस दौरान अशुमन राय, संतोष साहू, अमित कुमार, विमलेश आदि मौजूद रहे।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत महाराजगंज स्थित भैरव बाबा धाम के पोखर में जहां छठ व्रतिओ का रेला देखने को मिला तो वहीं पंचायतों में भी हर तरफ छठ पूजा की धूम मची रही। छठ व्रतिओं ने पूरे परिवार के साथ सिर पर पूजा सामग्री और दउरा लेकर छठ पूजा घाटों पर जाते समय पीछे- पीछे बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए.., केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके ऊंके के लोक गीत गाते महिलाएं घाटों पर जाती देखी गयीं। महाराजगंज कस्बे से लेकर देवरांचल तक के सभी घाटों पर भक्तों का भारी मेला रहा। व्रती महिलाओं ने शाम को दूध, शहद, तिल और अन्य द्रव्य से डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय नगर पंचायत के तीन स्थानों पर छठ पूजा कुंवर नदी पिपरहवा घाट पर मां दुर्गा छठ पूजा समिति के नेतृत्व में उच्चवा मोहल्ला सोनकर बस्ती नदी तट, जय मां शक्ति क्लब,बस स्टॉप नागा बाबा सरोवर परनगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। नागा बाबा सरोवर पर एसएसआई गंगा राम बिन्द महिला पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। पिपरहवा घाट कुँवर नदी घाट पर महिला इंस्पेक्टर प्रियंका तिवारी एंटी रोमियो टीम के साथ जमी रही तो दिनेश त्रिपाठी अजय सिंह उचहुवा मुहल्ला कुँवर नदी तट पर पुलिस बल के साथ जमे रहे। नायब तहसीलदार राजाराम पिपरहवा घाट पर उपस्थित रहे तो नागा बाबा सरोवर पर एसडीएम अशोक कुमार उपस्थित रहे। श्याम जी, मनीष सोनकर के नेतृत्व में मां दुर्गा क्लब द्वारा साफ सफाई, पथ प्रकाश, वेदियों की सुरक्षा, पूरे घाट की देखरेख की व्यवस्था सुरक्षा ध्वनिविस्तारक यंत्रों से सतर्क सुरक्षित किया जा रहा था।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार कप्तानगंज और गदनपुर क्षेत्रों में व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। गदनपुर के प्रधान विजय कुमार ने बताया कि छठ पूजा की तैयारियां पहले से ही कर ली गई थीं। सजावट और प्रकाश व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया था ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इस मौके पर कंधरापुर थाना पुलिस भी मौजूद रही। बाबा गोपीदास कुटिया पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गढ़ीबा बाबा स्थान पर भी इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था।

इनसेट–
हाथों में कलश संग देवी स्वरूपा दिख रही थीं व्रती महिलाएं
आजमगढ़। अर्घ्यदान के बाद अंधेरा होते ही कलश पर जलता दीपक लेकर व्रती महिलाएं उत्साह के साथ घर को लौटीं, तो पीछे से उनके साथ सिर पर पूजा का सामान लिए परिवार के लोग चल पड़े घरों की ओर। व्रती महिलाएं हाथ में कलश लिए चल रही थीं। शाम के अंधेरे में कलश पर जलता दीपक लेकर चल रही व्रती महिलाओं को देख ऐसा लग रहा था मानों आगे-आगे देवी और उसके पीछे उसके भक्तों की भीड़ चल रही हो। घर पहुंचने पर व्रती महिलाओं ने आंगन में पूजा की। इस पूजा में घर के सभी सदस्यों की संख्या के अनुसार मिट्टी के पात्र में फल आदि रखकर सूर्य भगवान के नाम से अर्पित किया गया। कुछ घरों में व्रती महिलाओं ने रात्रि जागरण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *