आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नारी शक्ति संस्थान की ओर से नारी शक्ति सावन उत्सव-2025 का आयोजन नगर के रोडवेज स्थित एक होटल के सभागार में किया गया। सावन उत्सव में सावन सुंदरी एवं मेहंदी, चूड़ी सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। सावन के उत्सव में महिलाओं को सराबोर करने के लिए संस्थान द्वारा हरियाली युक्त माहौल तैयार कर कजरी गीत के साथ सावन के बयार में हर किसी का पैर कजरी गीतों पर थिरकने लगा। इस दौरान कइसे खेलन जइबू सावन में कजरिया, बदरिया घेर आयी ननदी, आज शिव की नगरिया में जइबे करब, दूध हम चढ़ईब करब ना…, हमसे खेतवा में धान ना रोपाई पिया, दुखे मोर कलाई पिया ना.. आदि कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियों पर नारी शक्तियां झूमती नजर आई।
संस्था अध्यक्ष सुधा तिवारी ने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में हमारे पारंपरिक उत्सव कजरी आदि विलुप्त होने की कगार पर हैं। पहले गांव से लेकर शहर तक कजरी गीत सावन में सुनाई पड़ते थे लेकिन आज इन गीतों का अभाव सा हो गया है। ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के पारम्परिक उत्सवों के संरक्षण एवं उसके विकास के लिए समर्पित है। आगे भी नारी शक्ति संस्थान अपने दायित्वों का निर्वहन करती रहेगी। सचिव डॉ.पूनम तिवारी ने कहा कि उत्सव हमारे जीवन मे नई ऊर्जा का संचार करते हैं। बदलते परिवेश में बहुत कुछ रीति-रिवाजों को आज बचाने की जरूरत है।
विजेताओं के नाम की घोषणा करते हुए सचिव डॉ.तिवारी ने बताया कि इस बार की सावन सुंदरी वैष्णवी तिवारी बनी। खेल प्रतियोगिता में शालिनी अग्रवाल एवं इंदु चौधरी विजयी रहीं।
इस अवसर पर प्रियंका पांडेय, श्वेता यादव, डॉ.नेहा दुबे, रिंकी प्रशांत, अर्चना वत्सल, शालिनी राय, पूनम यशपाल सिंह, अनुपमा आर तिवारी, सुधा तिवारी, अर्चना वत्सल आदि मौजूद रहीं। संचालन अंशू अस्थाना ने किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल