पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना कन्धरापुर पुलिस ने जीएसटी चोरी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई राज्यकर विभाग की जांच के बाद दर्ज मुकदमे के क्रम में की गई।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2025 को राज्यकर सचल दल के सहायक आयुक्त (प्रभारी) अविनाश चन्द्र राय द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास जांच के दौरान दो वाहनों को रोका गया था। जांच में पाया गया कि अस्तित्वहीन व बोगस फर्मों के नाम पर फर्जी इनवॉइस एवं ई-वे बिल बनाकर आयरन स्क्रैप का परिवहन किया जा रहा था, जो जीएसटी अधिनियम-2017 के नियमों का उल्लंघन तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
मामले में विद्या ट्रेडर्स (रायपुर), अविराज ट्रेडिंग (शिमला) तथा मुनि जी ट्रांसपोर्ट कंपनी (पटना) की संलिप्तता सामने आई थी। इस संबंध में थाना कन्धरापुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्त वेदवीर पुत्र सेवक राम, निवासी महमदपुर अमिलईया थाना जहानागंज जनपद फर्रुखाबाद, उम्र करीब 33 वर्ष, को 27 फरवरी 2026 को प्रयागराज के हण्डिया टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर सम्बंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।
रिपोर्ट-बबलू राय