लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शनिवार को पुलवामा में शहीद हुए जवानों की याद में देवगांव स्थित इंडियन बैंक कटरा में अपना ट्रस्ट की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर कुल 84 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उद्धव सिंह उर्फ सोनू सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन करते हुए कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई भी दान नहीं होता। उन्होंने आह्वान किया कि एक यूनिट खून से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है इसलिए सभी लोग बढ़-चढ़ कर इसमें हिस्सा लें।
अपना ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की स्मृति में यह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सके। पूर्व सहायक अभियंता सिविल कुशल पाल मिश्रा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। अपना ट्रस्ट के प्रबंधक इरफान अहमद ने कहा कि खून से किसी की जान बचाने से बड़ा कोई पुण्य का कार्य नहीं हो सकता। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर रामानंद सागर, राकेश कुमार गुप्ता, काली प्रसाद तिवारी, महेंद्र चौरसिया, राम सम्हार यादव, ऋषभ कुमार, प्रधान पवन यादव, काशिफ प्रधान, शाह आलम, नीरज तिवारी, डा.एचसी पाल, अबुल असर आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद