हटाये गये छतों पर लटकते विद्युत तार, ग्रामीणों में खुशी

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पत्रकारिता की सजगता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम पांती खुर्द गांव में देखने को मिला। वर्षों से दर्जनों घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही खतरनाक विद्युत लाइन को आखिरकार हटाकर केबल के माध्यम से सुरक्षित कर दिया गया। इस कार्रवाई से पूरे गांव में राहत और खुशी का माहौल है।
विद्युत सब स्टेशन पटवध कौतुक से उपभोक्ताओं को दी जाने वाली बिजली की लाइन पांती खुर्द गांव में खंभों के सहारे दर्जनों घरों की छतों के ऊपर से होकर गुजर रही थी। स्थिति इतनी खतरनाक थी कि जब लोग अपने घरों की छत पर खड़े होते थे तो बिजली का तार कमर और गर्दन तक छू जाता था। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहता था और ग्रामीण लंबे समय से भय के साए में जीवन जी रहे थे।
भाजपा बिलरियागंज मंडल उपाध्यक्ष सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव के प्रयास से इस मुद्दे को अखबार में प्रकाशित की गई। खबर सामने आने के बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
विद्युत उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव के निर्देशन में अवर अभियंता रितेश कुमार के नेतृत्व में लाइनमैन पंकज, दिनेश गुप्ता तथा आजम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूर्व में चल रही खतरनाक ओवरहेड लाइन को हटाकर केबल के माध्यम से नई सुरक्षित लाइन बिछाई और समस्त ग्रामीणों की विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी।
इस कार्य के पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए भाजपा नेता सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *