पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हरैया ब्लॉक के आराजी देवारा नैनीजोर नई बस्ती ग्राम पंचायत के ग्रामीणों का रविवार दोपहर आक्रोश भड़क गया। बीते लगभग 10 वर्षों से मार्ग पर जल जमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने धान की रोपाई करते हुए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम लोग आगामी पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव में वोट का बहिष्कार करेंगे। मार्ग पर लगभग 50 मीटर दो फीट तक जलजमाव की समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर जलजमाव के चलते लोगों का आवागमन दूभर हो गया है। आयेदिन छात्र, बुजुर्ग महिलाएं जल जमाव से होकर गुजरते समय गिरकर चोटिल हो चुके हैं। क्षेत्र के विधायक, सांसद अन्य जनप्रतिनिधियों, जिम्मेदार अधिकारियों से भी कई बार समस्या के समाधान के लिए शिकायत की गई परंतु आज तक जल जमाव की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान मांग किया कि जल निकासी की समस्या को दूर करने हेतु मार्ग को ऊंचा कर दोनों तरफ नालियों का निर्माण कराया जाए जिससे उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
इस अवसर पर मुन्नर, मेढ़ई, रामजतन, रंजीत, सुदर्शन, करीमचंद, नागेश्वर, सुरसती देवी, राजेंद्र साहनी, झिनक यादव सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय