बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बूढ़नपुर चौक से अतरैठ होते हुए अंबेडकर नगर जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों ने गौराहरदो के महा प्रधान प्रतिनिधि अंकित गुप्ता के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया।
बूढ़नपुर चौक से शेरवा, अमारी, नंदना, मखनहां होते अम्बेडकर नगर तथा गोरखपुर जाने वाली रोड पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। रोड में दो से 3 फीट गड्ढे हो गए हैं। सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने कई बार विरोध प्रदर्शन से लेकर के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा फिर भी जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जर्जर सड़क पर गिरकर के लोग चोटिल हो रहे हैं। शेरवा पुल के पास गड्ढा बचाने के चक्कर में प्रायः वाहनों में टक्कर देखने को मिलती है। अभी दो दिन पूर्व सरैया गांव निवासी रविंद्र पुत्र सूरज भान अपने घर से सीएचएस की परीक्षा देने के लिए वाराणसी जा रहे थे कि शेरवा गांव के समीप जोरदार बाइक की टक्कर में जख्मी हो गए। इसी तरह की घटनाएं प्रायः देखने को मिलती हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो हम ग्रामीण तहसील परिसर में ताला जड़ विशाल धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इस संबंध में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में है। शीघ्र सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में रामशब्द, रामभवन, रामू, परमानंद, जावेद, सदरूदीन, जंगबहादुर, रामू, श्यामबिहारी, दीपक, राम उजागिर, राधेश्याम, छोटेलाल, प्रवेश, मोनू आदि शामिल रहे।
रिपोर्ट- अरविन्द सिंह