बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भैरोपुर दरगाह के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान निरंकार प्रजापति व भटौली के ग्राम प्रधान अशोक कुमार के नेतृत्व में गुरूवार को गांव में विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि हल्का लेखपाल सचिन द्वारा ग्रामीणों से घरौनी की फीडिंग के नाम पर सौ रुपया प्रति सदस्य लिया जा रहा है। इतना ही नहीं हल्का लेखपाल द्वारा नवीन परती की जमीन के नाम पर ग्रामीणों से 10 से 15 हजार रुपया लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि लेखपाल द्वारा आय जाति निवास प्रमाण पत्र में मनमाने तरीके से पैसा वसूला जा रहा है। लेखपाल द्वारा चिन्हित जनसेवा केंद्रों पर ही फीडिंग कराने के लिए कहा जाता है। इसकी शिकायत ग्राम प्रधान भैरोपुर दरगाह और ग्राम प्रधान भटौली अशोक कुमार द्वारा एसडीएम नवीन प्रसाद से की गयी। इस संबंध में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने बताया कि जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में रमेश, डॉ.ओम प्रकाश निराला, मनजीत कुमार, जान मोहम्मद, संगीता, प्रमिला, गीता, चंद्रभान, इंदल, सुरेश आदि शामिल हैं।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह