पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मझौरा गांव में रविवार की दोपहर एक ग्रामीण द्वारा दबंगई दिखाते हुए पैमाइश के लिए गए लेखपाल की जमकर पिटाई कर दी गयी। दबंग ने जान से मारने की धमकी भी दी। लेखपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
इस मामले में दी गई तहरीर में लेखपाल सोनू गिरी ने आरोप लगाया कि मझौरा गांव निवासी सुनील कुमार ने सीमांकन को लेकर आईजीआरएस के तहत पोर्टल पर शिकायत की थी। इसकी जांच के लिए रविवार की दोपहर वह गांव में पहुंचे। जांच के लिए दोनों पक्ष और ग्राम प्रधान को बुलाया। इसी दौरान सुनील कुमार अपने पिता के साथ पहुंचे और मुझसे गाली गलौज करने लगे। मेरे पास मौजूद कागजातों को फाड़ते हुए मुझे मारा पीटा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पवई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल सोनू गिरी की तहरीर पर सुनील पुत्र महेंद्र कुमार, महेंद्र पुत्र निन्हकू, व उषा पत्नी महेंद्र के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना को लेकर लेखपाल कर्मियों में रोष है।
रिपोर्ट-नरसिंह