कैंपस ड्राइव में चयनित छात्रों को कुलपति ने सौंपा ऑफर लेटर

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में स्थित कुलपति सभागार में कुलपति प्रो.संजीव कुमार ने कैंपस ड्राइव में चयनित छात्रों को ऑफर लेटर सौंपा।
डिपार्टमेंट ऑफ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) एवं एमबीए एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में हाल ही में आयोजित कैंपस ड्राइव में चयनित छात्रों को विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित कर ऑफर लेटर प्रदान किए गए। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की।
बीबीए, एमबीए के छात्र-छात्राओं को कुलपति ने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अपने हाथों से ऑफर लेटर सौंपते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में इससे समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को यह सलाह दी कि वे रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा को भी निरंतर जारी रखें, जिससे उनका बौद्धिक, व्यावसायिक एवं व्यक्तित्वगत विकास सुदृढ़ रूप से हो सके।
उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा देना ही नहीं है, बल्कि उन्हें ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, नवाचार की क्षमता तथा नैतिक मूल्यों से युक्त एक सक्षम और उत्तरदायी मानव संसाधन के रूप में विकसित करना है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उद्योग एवं कृषि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
इस मौके पर डॉ. नितेश, डॉ. विजय प्रकाश, भूपेंद्र पांडेय, विपिन शर्मा आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *