आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पल्हनी ब्लाक क्षेत्र के मनचोभा गांव में बुधवार को पूर्वांचल शिक्षा समिति के प्रांगण में अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस मनाया गया। इस मौके पर विकलांगता के प्रति उपस्थित लोगों को जागरुक किया गया तथा दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी।
सर्वप्रथम मुख्यतिथि सूर्यप्रताप सिंह एवं प्रबंधक द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। समस्त अध्यापक प्रशिक्षुगण एवं छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी जो विभिन्न मार्गों से होकर विद्यालय प्रांगण में आकर समाप्त हुई। प्रभात फेरी के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने लोगों को विकलांगता के प्रति जागरुक किया। पूर्वांचल शिक्षा समिति के प्रांगण में दिव्यांग बच्चों द्वारा खेत-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तत्पश्चात प्रबंध समिति द्वारा सभी छात्र-छात्राओं का उत्साह वर्धन किया गया तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनिल कुमार यादव ने बताया कि दिव्यांग दिवस मनाने का प्रमुख उदेश्य समाज में दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति संबेदनशीलता और समानता को बढावा देना है। उन्होने कहा यह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि विकलांगता को चुनौती के रुप में नहीं बल्कि विविधता के रुप में देखा जाय। इस अवसर पर पूर्वांचल शिक्षा समिति के प्रबंधक रासबिहारी यादव, अरविन्द यादव, रामसिंह यादव, हीरालाल शर्मा, दिनेश यादव, रामविनय मौर्य, मो. अरशत जमाल, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार