विश्वविद्यालय प्रशासन पर लगा भ्रष्टाचार का आरोप

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त प्रयोगात्मक परीक्षक को बिना सूचना दिये तथा बिना प्रयोगात्मक परीक्षा कराये ही परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया।

नवस्थापित आजमगढ़ विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त प्रयोगात्मक परीक्षक को बिना सूचना दिए तथा बिना प्रयोगात्मक परीक्षा कराए ही कुछ महाविद्यालयों ने विश्वविद्यालय के भ्रष्ट कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मिलीभगत से परीक्षा परिणाम घोषित करवा लिया है। मामला तब प्रकाश में आया जब शिक्षक संघ के प्रांत प्रतिनिधि डॉ. अवनीश सिंह ने अपनी एक सहकर्मी प्राध्यापक डॉ. ए के वर्मा का प्रयोगात्मक परीक्षा का आदेश पत्र विश्वविद्यालय से निकलवाया। डॉ एके वर्मा ने जब उस महाविद्यालय से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि जिस प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए उन्हें नियुक्त किया गया है उसका परिणाम विश्वविद्यालय द्वारा घोषित किया जा चुका है। जब इस बात की चर्चा विश्वविद्यालय में शुरू हुई तो पता चला कि दर्जनों प्राध्यापकों के साथ ऐसा हुआ है तथा बड़े पैमाने पर विश्वविद्यालय महाविद्यालय की मिली भगत से ऐसा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उक्त प्रकरण एवम अन्य कई अनियमितता के संदर्भ में जब शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों से वार्ता करनी चाही तो कुलपति द्वारा संघ के पदाधिकारी को ही उल्टे सस्पेंड करने की धमकी दी गई। इस प्रकार नवस्थापित विश्वविद्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बनते जा रहा है तथा शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की आवाज दबाने के लिए उन्हें नोटिस पर नोटिस जारी किया जा रहा है। शिक्षक संघ के चार पदाधिकारियों डॉ एस. जेड. अली ’जिम्मी’ (अध्यक्ष), डॉ. इंद्रजीत (महामंत्री), डॉ. आशुतोष सिंह (संयुक्त मंत्री) तथा डॉ अवनीश सिंह (प्रांत प्रतिनिधि) को विश्वविद्यालय द्वारा नोटिस दिया गया है। किंतु शिक्षक संघ विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार एवम अन्य अनियमितताओं के खिलाफ संघर्ष करने को प्रतिबद्ध है।
इनसेट
भ्रष्टाचार के खिलाफ 29 को धरना देगा शिक्षक संघ
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में बिना प्रयोगात्मक परीक्षा कराये ही परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए नियुक्त शिक्षक ने जब महाविद्यालय पर सम्पर्क किया तो पता चला की प्रयोगात्क परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। जब कुछ शिक्षकों ने इसका विरोध किया तो कुलपति द्वारा उन्हे ही गलत बताया जा रहा है और कुलपति द्वारा उन्हे नोटिस भी जारी कर दिया गया है कि आप लोग मैटर को गलत उठा रहे हैं शिक्षक संघ के पदाधिकारी डॉ एस. जेड. अली ’जिम्मी’ ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शिक्षक संघ 29 नवंबर से विश्वविद्यालय कैम्प कार्यालय (डीएवी परिसर) में धरना करने को बाध्य है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *