महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवरांचल क्षेत्र में इन दिनों आवारा पशुओं का आतंक किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। खेतों में खड़ी फसलें आवारा पशुओं के कारण लगातार बर्बाद हो रही हैं, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। हालत यह है कि किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए रात-रात भर खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं। सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा गाय और सांड़ खेतों में घुसकर गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को चर जा रहे हैं। कई किसानों की पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार प्रशासन से की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कभी देवरांचल का दौरा भी करने नहीं आये और न ही अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। यदि जल्द ही आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने या अन्य कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा।
देवारा विकास सेवा समिति के अध्यक्ष रामकेदार यादव ने बताया कि इस भारी समस्या को लेकर उनका संगठन कई बार प्रशासनिक अधिकारिओं को ज्ञापन दिया परन्तु अधिकारी किसानों की इस समस्या पर सांत्वना के अतिरिक्त कुछ भी ध्यान नहीं देते है। जिला पंचायत सदस्य निरंजन कुमार, ने बताया कि इस समस्या को लेकर आईजीआरएस भी डाला गया परन्तु सिर्फ वहां बैठे कर्मचारिओं का सिर्फ फोन आता है कोई कार्यवाही नहीं होती।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र