पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन हैं। दुर्घटना के समय सभी अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।
जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत जमसर पेट्रोल पंप के पास एक ऑटो रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में सवार लोग दोहरीघाट मुक्तिधाम से एक महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होकर आजमगढ़ वापस लौट रहे थे।
दुर्घटना में आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के फराशटोला मोहल्ला निवासी संदीप प्रजापति 38 वर्ष पुत्र सुभाष प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। इलाज के लिए ले जाते समय छेदी 55 वर्ष पुत्र राम प्रसाद ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल अन्य लोगों में सुनील, सुधीर, गुड्डू, अमन, जगदीश, सुभाष पुत्र रामतीरथ ऑटो चालक सहित अन्य यात्री शामिल हैं, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय आजमगढ़ में चल रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट-बबलू राय